गोशामहल विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक टी राजा सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि टी राजा अक्सर अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में रहते हैं।
अक्सर अपने बयानों के चलते चर्चा में रहने वाले भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। टी राजा सिंह तेलंगाना की गोशामहल विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक हैं। टी राजा ने अपना इस्तीफा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जी किशन रेड्डी को भेजा है। उनके इस्तीफे के पीछे की वजह नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को माना जा रहा है। बता दें कि रामचंद्र राव को तेलंगाना के लिए भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाना है। अपने इस्तीफे के विषय में उन्होंने लिखा – भारी मन से लाखों कार्यकर्ताओं की पीड़ा को दर्शाता इस्तीफा।
जानें टी राजा ने इस्तीफे में क्या लिखा
टी राजा ने अपने इस्तीफे में लिखा- मैं यह पत्र भारी मन और गहरी चिंता के साथ लिख रहा हूं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रामचंद्र राव को तेलंगाना के लिए भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाना तय है। यह निर्णय न केवल मेरे लिए बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं, नेताओं और मतदाताओं के लिए भी एक झटका और निराशा की तरह आया है, जो हर उतार-चढ़ाव में पार्टी के साथ खड़े रहे हैं। ऐसे समय में जब भाजपा तेलंगाना में अपनी पहली सरकार बनाने की दहलीज पर खड़ी है, इस तरह का चुनाव हमारी दिशा के बारे में गंभीर संदेह पैदा करता है।