चुराचांदपुर में 5000 कुकी महिलाओं का प्रदर्शन; निर्वस्त्र की गई एक महिला के पति कारगिल युद्ध लड़े

मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाए जाने के मामले में पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले गिरफ्तार किए गए 4 आरोपियों की शुक्रवार को कोर्ट में पेशी हुई। उन्हें 11 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है।

उधर, चुराचांदपुर जिले में 5 हजार कुकी महिलाओं ने काले कपड़े पहनकर इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। इंफाल में भी महिलाएं सड़कों पर उतरीं और टायर जलाए। सुरक्षाबलों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

निर्वस्त्र की गई एक महिला के पति कारगिल युद्ध लड़ चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘मैंने कारगिल युद्ध में देश को दुश्मनों से बचाया, लेकिन दंगाइयों से अपनी पत्नी की इज्जत नहीं बचा सका।’ पीड़ित के पति असम राइफल्स में सूबेदार थे।

मणिपुर मामले पर बड़े बयान…

  • राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी कर्नाटक और राजस्थान जैसे राज्यों में जा रहे हैं, लेकिन मणिपुर नहीं जा रहे।
  • झारखंड के CM हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र लिखकर कहा है कि हम मणिपुर में आदिवासियों के साथ ऐसा भयानक व्यवहार नहीं होने दे सकते।
  • राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा कि CM एन बीरेन सिंह को हटाकर राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए।.

4 मई को थोउबाल जिले में हुई थी घटना
महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने की घटना 4 मई को थोउबाल जिले में हुई थी। इसका वीडियो 19 जुलाई को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके ले गए और उनसे अश्लील हरकतें कीं।

एक पीड़ित महिला के पति ने बताया- ‘हजार लोगों की भीड़ ने गांव पर हमला किया था। मैं भीड़ से अपनी पत्नी और गांव वालों को नहीं बचा पाया। पुलिसवालों ने भी हमें सुरक्षा नहीं दी। भीड़ तीन घंटे तक दरिंदगी करती रही। मेरी पत्नी ने किसी तरह एक गांव में पनाह ली।’

वहीं, वीडियो में दिख रही दूसरी महिला की मां ने कहा- ‘अब हम कभी अपने गांव नहीं लौटेंगे। वहां मेरे छोटे लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई, मेरी बेटी को शर्मिंदा किया गया। अब मेरे लिए सब कुछ खत्म हो चुका है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

April 19, 2025
6:02 am

Welcome to News Chowkidar, for advertisement related information or To become our media partner contact: +91 8383006191, +91 9891223775, +91 9818834041, +91 8800983159