कश्मीर के पहलगाम में कल हुए आतंकी हमले के बाद दुनिया के ज्यादातर देशों ने भारत के लिए अपना समर्थन जताया और पीड़ितों के लिए संवेदना जाहिर की है। इसमें सुपर पावर अमेरिका और रूस लेकर भारत के पड़ोसी पाकिस्तान और चीन भी शामिल हैं।
शुरुआती जांच में पता चला है कि हमले में 5 आतंकी शामिल थे। इनमें से दो लोकल और 3 पाकिस्तानी आतंकी थे। पुलिस ने पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया है। हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी विंग द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है।
इजराइल- इजराइली PM नेतन्याहू ने X पर लिखा- मेरे दोस्त नरेंद्र मोदी, मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले से बहुत दुखी हूं, जिसमें दर्जनों निर्दोष लोग मारे गए और घायल हुए। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। इजराइल आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है।
रूस- राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू को संदेश भेजा है। इसमें कहा गया है कि पहलगाम हमले के अपराधियों को सख्त सजा मिलेगी। हम भारत के साथ हैं। हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ है। हम सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
अमेरिका- राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कश्मीर से बहुत परेशान करने वाली खबर आई है। आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका भारत के साथ मजबूती से खड़ा है। हम मारे गए लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
वहीं अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने लिखा- उषा और मैं भारत के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। पिछले कुछ दिनों में, हम इस देश और इसके लोगों की खूबसूरती से प्रभावित हैं। इस प्रार्थनाएं पीड़ितों के साथ हैं।