22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। इससे बौखलाए पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों और नागरिक इलाकों पर हमले की कोशिश की। चार दिन से पाकिस्तान नए-नए षडयंत्र रचता रहा। भारत ने इसका संयमित और करारा जवाब दिया। भारी नुकसान और दुनिया में हो रही किरकिरी की वजह से पाकिस्तान ने आज दोपहर 3.35 बजे भारत से बात की और संघर्ष विराम की अपील की। इसके बाद भारत ने शाम छह बजे के करीब संघर्ष विराम का एलान किया।

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम को संघर्ष विराम हो गया है। भारतीय सेना की ओर से दिए जा रहे मुंहतोड़ जवाब के चलते बैकफुट आए पाकिस्तान की पहल पर भारत संघर्ष विराम के लिए राजी हुआ है। दोनों देशों के बीच हुए संघर्ष विराम की पुष्टि विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने की है। विदेश सचिव की यह संक्षिप्त घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यह कहने के तुरंत बाद आई है। ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा था कि भारत और पाकिस्तान अमेरिका की मध्यस्थता में वार्ता के बाद “पूर्ण और तत्काल” युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। दोनों देशों के बीच की संघर्ष विराम की पटकथा करीब आधे घंटे में लिखी गई।
शाम 6.10 बजे : आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख अडिग- एस जयशंकर
संघर्ष विराम की पुष्टि करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर लिखा कि भारत और पाकिस्तान के बीच आज गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी है। भारत ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ लगातार दृढ़ और अडिग रुख अपनाया है। वह ऐसा करना जारी रखेगा।