पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को फोन कर दी जन्मदिन की बधाई, द्विपक्षीय संबंधों पर भी की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने पुतिन को उनके 73वें जन्मदिन की बधाई दी। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से टेलीफोन पर बातचीत की और उन्हें उनके 73वें जन्मदिन पर बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की समीक्षा की और भारत और रूस के बीच विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति पुतिन का भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।

दिसंबर में भारत आ सकते हैं पुतिन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 5 दिसंबर को भारत आने की संभावना है। पुतिन नई दिल्ली में होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दौरान पुतिन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।

अभी यह तय नहीं है कि राष्ट्रपति पुतिन एक दिन के लिए भारत आएंगे या उनका दौरा दो दिनों का होगा। उनकी यात्रा से पहले रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव नवंबर में भारत आएंगे और कार्यक्रम की तैयारियां पूरी करेंगे। भारत और रूस के बीच हर साल शिखर वार्ता होती है। अब तक दोनों देशों के बीच 22 वार्ताएं हो चुकी हैं। पिछले साल जुलाई में पीएम मोदी मॉस्को गए थे, जबकि पुतिन आखिरी बार 2021 में भारत आए थे। इस बार दोनों देशों का सैन्य और तकनीकी सहयोग पर विशेष ध्यान रहेगा।

माना जा रहा है कि भारत रूस से अतिरिक्त एस-400 वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली भी खरीद सकता है। भारत ने 2018 में 5 यूनिट के लिए 5 अरब डॉलर का सौदा किया था, जिसमें तीन रेजिमेंट मिल चुकी हैं और बाकी दो अगले साल तक मिलने की उम्मीद है। रूस की एस-400 वायु रक्षा प्रणाली ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के हवाई हमलों को नाकाम करने में अहम भूमिका निभाई थी।

हाल ही में पुतिन ने पीएम मोदी तारीफ की थी। रूसी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना मित्र बताया और कहा कि वह उनके साथ सहज महसूस करते हैं। पुतिन ने मोदी के नेतृत्व वाली भारत की राष्ट्रवादी सरकार की तारीफ की और पीएम मोदी को एक ‘संतुलित, बुद्धिमान’ और ‘राष्ट्र हितैषी’ नेता बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

November 3, 2025
7:26 pm

Welcome to News Chowkidar, for advertisement related information or To become our media partner contact: +91 8383006191, +91 9891223775, +91 9818834041, +91 8800983159