सैटेलाइट इमेज में दिखे तुर्किये के स्टेडियम में बने शेल्टर; सीरिया में सामूहिक कब्रों में दफनाए जा रहे शव

तुर्किये और सीरिया में 6 फरवरी को आए भूकंप से अब तक 17,513 लोगों की मौत हो चुकी है। घायलों की संख्या 40 हजार के करीब हो गई है। कई इमारतें तबाह हो गई हैं। बेघर लोगों के लिए शेल्टर बनाए गए हैं। अमेरिकी कंपनी मैक्सार टेक्नोलॉजी ने कुछ सैटेलाइट तस्वीरें जारी की है। इनमें तबाही और शेल्टर के लिए बनाए गए टेंट दिख रहे हैं।

मृतकों को एक-साथ दफनाया जा रहा
सीरिया में मारे गए लोगों को दफनाने के लिए सामूहिक कब्रें बनाई जा रही हैं। यहां मदद करने वाली व्हाइट हेलमेट्स की टीम ने एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि मृत लोगों को एक साथ दफनाया जा रहा है।

राष्ट्रपति एर्दोगन बोले- हम शुरुआत में राहत पहुंचाने में नाकाम
लोगों का कहना है कि वक्त पर उन तक मदद नहीं पहुंच पा रही है। तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने इस बात को स्वीकार किया है। सरकार के खिलाफ लोगों के गुस्से को देखते हुए एर्दोगन ने कहा- भूकंप के बाद सरकार की शुरुआती प्रतिक्रियाओं में कमियां थीं।

दरअसल, भूकंप के बाद कई इलाकों में लोगों तक बचावकर्मी या राहत समग्री नहीं पहुंची थी। हालांकि, राष्ट्रपति एर्दोगन ने कहा कि सभी लोगों की मदद के लिए सरकार हरसंभव कोशिश कर रही है और देश में कोई भी बेघर नहीं रहेगा। इधर, मदद के लिए WHO और UN समेत दुनियाभर के 70 से भी ज्यादा देश आगे आए हैं। लोकल मीडिया के मुताबिक, सीरिया में 3 लाख लोगों को मजबूरन अपना घर छोड़ना पड़ा है।

भूकंप के बड़े अपडेट्स…

  • ​तुर्किये में 14,351 लोगों की जान जा चुकी है और 35 हजार से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है।
  • सीरिया में 3,162 लोग मारे गए और 4 हजार से ज्यादा जख्मी हैं।
  • वर्ल्ड फूड प्रोग्राम ने कहा है कि उसके पास सीरिया में एक हफ्ते के लिए लोगों को खिलाने के लिए पर्याप्त खाना है।
  • तुर्किये में 28 हजार से ज्यादा लोगों को बचा लिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए 60 हजार से ज्यादा बचावकर्मी तैनात किए हैं।

तुर्किये में बहाल हुई ट्विटर सर्विस
तुर्किये में सरकार ने एक बार फिर से ट्विटर सर्विस बहाल कर दी है। सरकार ने ट्विटर के अधिकारियों के साथ मीटिंग कर उन्हें दुष्प्रचार और कंटेंट हटाने को लेकर नियम याद दिलाए। दरअसल बुधवार को तुर्किये में ट्विटर को ब्लॉक कर दिया गया था।

तुर्किये सरकार ने पिछले साल अक्टूबर में सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार के खिलाफ एक बिल पास किया था। इसके तहत यदि सोशल मीडिया कंपनियां तुर्किये से जुड़ी गलत जानकारी अपनी साइट से नहीं हटाती हैं, तो उन पर प्रतिबंध लगाए जाएंगे। देश में आपत्तिजनक पोस्ट के लिए अब तक 18 लोगों को हिरासत में लिया है और 5 को गिरफ्तार किया गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

March 20, 2025
10:50 am

Welcome to Delhi News Channel, for advertisement related information or To become our media partner contact: +91 8383006191, +91 9891223775, +91 9818834041, +91 8800983159