मैं बीता वक्त नहीं जो लौटकर नहीं आएगा, मैं जल्द ही लौटूंगी: विनेश फोगाट

विजय कुमार

नई दिल्ली, 30 मई

“मैं लौटकर आऊंगी, इस बात को आप सब याद रखना।” यह बात आज दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में एशियाई खेलों के लिए आयोजित कुश्ती चयन ट्रायल के दौरान विनेश फोगाट ने मंच पर विराजमान पदाधिकारियों की ओर हाथ करते हुए कही।

मालूम हो कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग न लेने के कारण विनेश फोगाट को एशियाई चैंपियनशिप के चयन ट्रायल में भाग लेने से कुश्ती फेडरेशन ने मना कर दिया था। इसके बाद अदालत में चले कुश्ती संबंधी मुकदमों के उपरांत सुप्रीम कोर्ट ने विनेश को चयन ट्रायल देने की अनुमति दी थी। यह ट्रायल 30 मई को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में संपन्न हुए।

चयन ट्रायल के दौरान विनेश फोगाट को 53 किलोग्राम भार वर्ग में अपने ही प्रदेश की मीनाक्षी से सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। इस युवा महिला पहलवान से कड़े संघर्ष के बाद जैसे ही रेफरी ने फैसला सुनाया, तो मैट से ही विनेश ने पदाधिकारियों की तरफ हुंकार भरते हुए कहा कि वह फिर से लौटेगी।

कुश्ती चयन ट्रायल से पूर्व विवादों में रहीं विनेश सुबह ही स्टेडियम पहुंच गई थीं। सेमीफाइनल में हार के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में विनेश ने कहा कि सुबह उन्हें बताया गया था कि वह 50 किलोग्राम भार वर्ग में चुनौती दे सकती हैं, लेकिन इसके लिए उन्होंने मना कर दिया और कहा कि वह अपने ही वजन वर्ग में चुनौती देंगी, जिसकी अनुमति सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें दी थी। इसके करीब आधे घंटे बाद फेडरेशन ने उन्हें 53 किलोग्राम भार वर्ग में ट्रायल देने को कहा। उन्होंने कहा कि जब पूरा प्रशासन आपके खिलाफ हो तो लड़ना मुश्किल होता है।

16 महीने तक कुश्ती जगत से दूर रहने के बाद मैट पर उतरी विनेश ने कहा कि वह अपने बेटे के लिए मैदान पर उतरी हैं, ताकि वह यह न कह सके कि उसकी मां चुनौतियों से भाग गई। उन्होंने अपनी हार स्वीकार करते हुए युवा पहलवान मीनाक्षी को बधाई दी, हालांकि हार के बाद उन्होंने मैट पर हाथ नहीं मिलाया।

यही नहीं, विनेश के खिलाफ एक अन्य पहलवान निशू ने भी जोरदार प्रदर्शन किया। निशू एक समय 5-0 से आगे थीं, लेकिन अंतिम समय में विनेश ने एक अंक को लेकर विवाद खड़ा किया, जिससे उन्हें करीब 20 मिनट से अधिक समय तक सांस लेने का अवसर मिल गया। इसके तुरंत बाद उन्होंने निशू को 7-6 से शिकस्त दे दी। अन्यथा वह क्वार्टर फाइनल में ही बाहर हो सकती थीं।

विनेश फोगाट के साथ सुबह से ही उनके पक्ष में नारे लगाने वाले हरियाणा के काफी संख्या में पहलवान मौजूद थे। इन समर्थकों ने कई बार ऐसा माहौल बनाया, जिससे वहां कानून-व्यवस्था खराब होने की आशंका पैदा हो गई। हालांकि पुलिस और सीआरपीएफ की मौजूदगी के कारण व्यवस्था संभाल ली गई।

इस अवसर पर कुश्ती फेडरेशन की भी तारीफ करनी होगी, जिसने माहौल खराब होने की आशंका के बावजूद अपने आप को संयमित बनाए रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

May 30, 2026
10:43 pm

Welcome to News Chowkidar, for advertisement related information or To become our media partner contact: +91 8383006191, +91 9891223775, +91 9818834041, +91 8800983159